विजय कुमार, रक्सौल
शहर के कैम्ब्रिज विद्यालय पर हुए अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना अपराधिक घटना थी या आतंकी घटना,पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।लोगों का कहना है कि इस घटना में महज दो विद्यालय कर्मी ही नही बल्कि एक संस्था घायल हुआ है,जिसके गर्भ में सैकड़ों मासूम नौनिहाल शिक्षा ग्रहण कर रहे थे।अपराधियों ने तो पाकिस्तान के पेशावर सैनिक स्कूल पर हुए प्रशिक्षित आतंकवादियों के हमलें की भांति ताबड़तोड़ हमला किया था।शहर में हो रहे सीसीटीवी फुटेज वायरल का आखिर सच क्या है।इसकी सत्यता व वायरल करने के पीछे की सच्चाई भी सामने आने की जरूरत है।अब तो शहर के बच्चे के साथ उनके परिजन भी भयाक्रांत है।इधर,इस घटना में शामिल बिट्टू सिंह उर्फ़ गौरव राव,उर्फ़ गौरव हिन्दू की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।उसके निशानदेही पर लोजपा के प्रदेश महासचिव का बोर्ड लगा एक जाइलो गाड़ी भी बरामद किया गया है।इस मामले को लेकर राजनीतिक घमासान भी जारी है।राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश यादव ने इस घटना में संलिप्त कथित राजग गठबंधन के नेता के खिलाफ शहर में प्रदर्शन भी किया व लोजपा सुप्रीमो सह केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान तथा बीजेपी के वरीय नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का पुतला भी दहन किया,जबकि राजग ने गिरफ्तार बिट्टू सिंह उर्फ़ गौरव राव को भी विपक्षी दल का लोकल पदाधिकारी बताते हुए इस अपराधिक वारदात के दोषी लोगों को मानवता का दुश्मन करार देते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।बावजूद,इस घटना ने सीमावर्ती रक्सौल शहर में अत्याधुनिक हथियारों से एक शैक्षणिक संस्थान पर हमले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।स्थानीय लोगों की माने तो यह घटना रक्सौल को असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है।इधर,डीएसपी राकेश कुमार का कहना है कि शहर में शांति का माहौल है और पुलिस हर अपराधिक चुनौतियों से निबटने में सक्षम है।इस घटना के दोषी जो भी है जल्द ही सलाखों के पीछे नजर आएंगे।