पटना. बिहार में एविएशन सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग के अधीन संचालित बिहार उड़ान संस्थान, पटना ने वर्ष 2025-26 के लिए निजी विमान चालक (Private Pilot Licence-PPL) प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में नामांकन को लेकर जारी विज्ञापन में संशोधन किया है. संशोधित सूचना के तहत अब आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है और पात्रता दायरे में भी बदलाव किया गया है.

कितनी सीटें हैं और कितनी राशि होगी खर्च

संस्थान की ओर से पहले जारी विज्ञापन के अनुसार PPL प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इस कोर्स के लिए कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं. प्रशिक्षण शुल्क 5000 रुपये प्रति घंटा तय किया गया है और चयनित अभ्यर्थी को कुल लगभग 3 लाख रुपये तक प्रशिक्षण शुल्क के रूप में भुगतान करना होगा.

गैर बिहारी सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

संशोधित विज्ञापन के अनुसार अब केवल बिहार के मूल निवासी ही नहीं, बल्कि बिहार सरकार में कार्यरत सरकारी सेवक (कर्मचारी) भी इस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे. यह बदलाव राज्य सरकार के अधीन कार्यरत इच्छुक कर्मचारियों के लिए भी विमानन क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया माना जा रहा है.

आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ी

बिहार उड़ान संस्थान द्वारा जारी सूचना में आवेदन की अंतिम तिथि को भी बढ़ाया गया है. पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 05 जुलाई 2026 कर दिया गया है. संस्थान ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व निर्धारित अवधि यानी 28 अप्रैल 2026 तक आवेदन जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. उनके आवेदन स्वतः मान्य माने जाएंगे.

क्या होगी योग्यता?

विज्ञापन के अनुसार Ab-initio to PPL Course के लिए अभ्यर्थी का 10+2 या समकक्ष परीक्षा गणित और भौतिकी विषय के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है. आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गई है. सीटों में विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए प्रावधान भी किया गया है, जबकि महिलाओं के लिए प्रत्येक श्रेणी में एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान रखा गया है.

कौन कमेटी करेगी चयन? 

चयन प्रक्रिया विभागीय स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा साक्षात्कार के आधार पर पूरी की जाएगी. संस्थान ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्राउंड क्लास प्रशिक्षण, रहने, खाने और आने-जाने की व्यवस्था अभ्यर्थियों को स्वयं करनी होगी. साक्षात्कार की तिथि और समय की जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी.

आवेदन निर्धारित प्रारूप में डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से बिहार उड़ान संस्थान, हवाई अड्डा मार्ग, पटना को भेजा जा सकता है. यह पहल राज्य के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार और कौशल विकास का नया अवसर मानी जा रही है.

Spread the love